संयुक्त जांच दल ने जिले भर में किया गैस एजेंसियों का भौतिक निरीक्षण
-उपभोक्ता पैनिक बुकिंग और घरेलू गैस का अनावश्यक भण्डारण न करें: जिला रसद विभाग
श्रीगंगानगर, 12 मार्च। वर्तमान में मध्य-पूर्व एशिया में जारी संघर्ष के कारण अंतर्राष्ट्रीय गैस आपूर्ति श्रृंखला पर प्रतिकूल प्रभाव के दृष्टिगत गंगानगर में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति व कालाबाजारी रोकने हेतु जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देशानुसार गुरुवार को जिला स्तर, उपखण्ड स्तर पर संबंधित उपखण्ड अधिकारी, पुलिस उप अधीक्षक व प्रवर्तन स्टॉफ का संयुक्त जाँच दल गठन कर गैस एजेंसी का सघन भौतिक निरीक्षण किया गया।
जिला रसद विभाग से श्रीमती पूजा अग्रवाल ने बताया कि रसद कार्यालय में कन्ट्रोल रूम स्थापित कर शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। गंभीर शिकायतों का मौका निरीक्षण किया जा रहा है। जिला रसद अधिकारी द्वारा जिले में विशेष प्रवर्तन जांव दल/जिला सतर्कता यूनिट का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि विशेष प्रवर्तन जांच दल द्वारा गंगानगर शहरी क्षेत्र में गगन एचपी गैस एजेंसी का भौतिक निरीक्षण कर स्टॉक रजिस्टर व वास्तविक स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया गया। गैस एजेंसियों के माध्यम से गैस सिलेण्डर की बुकिंग अनुसार नियमानुसार आपूर्ति सुनिश्चित करवाई गई है। जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु जिला नोडल अधिकारी गैस एजेंसी व सेल्स ऑफिसर ऑयल कम्पनी से लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आईओसीएल और एचपीसीएल तेल कम्पनी के सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग की समस्या संबंधी शिकायतें अधिक प्राप्त हुईं। रसद विभाग ने आमजन से अपील की है कि जिले में सभी गैस एजेंसियों पर घरेलू एलपीजी गैस सिलेण्डरों का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ता पैनिक बुकिंग ना करें तथा घरेलू गैस का अनावश्यक भण्डारण न करें।
उन्होंने बताया कि जिले में अवैध रिफलिंग, अवैध भण्डारण, उच्च दामों पर विक्रय, कालाबजारी इत्यादि से संबंधित शिकायत कन्ट्रोल रूम नम्बर 8560970007, 9672902929, टोल फ्री नम्बर 181 तथा उपभोक्ता मामलात विभाग के हैल्पलाइन नम्बर 14435 पर की जा सकती है।

0 Comments