PULSE OF THE NATION

PULSE OF THE NATION
हर ख़बर सच के साथ

राजस्थान से स्वास्थ्य और स्वरोजगार की नई उड़ान

 राजस्थान से स्वास्थ्य और स्वरोजगार की नई उड़ान


-माननीय प्रधानमंत्री ने अजमेर से किया एचपीवी वैक्सीन का शुभारंभ, जिला मुख्यालय पर आयोजित हुआ रोजगार उत्सव






श्रीगंगानगर, 28 फरवरी। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर के कायड़ से देश की बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया। माननीय प्रधानमंत्री ने देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान विशेष रूप से 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए शुरू किया गया है। 

इसी के तहत जिला मुख्यालय पर रोजगार उत्सव आयोजित किया गया, जिसमें वीसी के माध्यम से जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, रोजगार पाने वाले युवा एवं आम नागरिक शामिल हुए। 

अजमेर के कायड़ में आयोजित मुख्य समारोह में माननीय प्रधानमंत्री ने इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल की शुरुआत करते हुए कहा कि सरकार देश की बेटियों के स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। उल्लेखनीय है कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों (आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सीएचसी और जिला अस्पतालों) पर यह वैक्सीन पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के तहत हर साल देश की लगभग 1.15 करोड़ किशोरियों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत 14 वर्ष आयु की बालिकाओं के नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा। 
 
इस दौरान जिला स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने नवनियुक्त युवाओं को चयनित पत्र सौंपे। कार्यक्रम के माध्यम से राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 21,863 युवाओं को उनके सपनों की नौकरी के आधिकारिक पत्र प्रदान किए गए। जिला मुख्यालय पर 313 युवाओं को चयनित पत्र दिए गए। इसको लेकर युवाओं और उनके परिजनों में उत्साह देखा गया। 

कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. मंजू, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता रीना, शरणपाल सिंह मान, जिला परिषद सीईओ गिरधर बेनीवाल, एसीएम स्वाति गुप्ता, सीडीईओ अरविंद्र सिंह, सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. पीके बेरवाल, पीएमओ डॉ. सुखपाल सिंह बराड़, आशुतोष गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments