*होली प्रेम, भाईचारे और संस्कारों का देती है संदेश - तरुण विजय*
*- बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में भव्य होली मिलन समारोह, फूलों की होली से गूंजा परिसर*
हनुमानगढ़। बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में होली मिलन समारोह अत्यंत उल्लास, गरिमा और पारंपरिक उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। रंग-बिरंगी सजावट, आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आपसी सौहार्द ने पूरे परिसर को उत्सवमय वातावरण में रंग दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं संस्था के निर्देशक तरुण विजय ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा, “होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह मन के विकारों को त्यागकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को अपनाने का संदेश देता है। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार भी मिलें, ताकि वे जीवन में उच्च शिखरों को प्राप्त कर सकें।” उनके संबोधन ने विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
संस्था अध्यक्ष आशीष विजय ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में एकता, सहयोग और पारस्परिक सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों के विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है।
वाइस चेयरमैन रौनक विजय ने होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व मतभेद भुलाकर नई शुरुआत करने की प्रेरणा देता है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. विशाल पारेख ने विद्यार्थियों को अनुशासन और परिश्रम को जीवन का मूलमंत्र बनाने की सलाह दी। प्रशासक परमानंद सैनी ने शिक्षा संस्थान केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम भी हैं। होली का यह पर्व हमें सकारात्मक सोच और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देता है।
उपप्राचार्य डॉ. मनोज शर्मा ने कहा कि रंगों की तरह जीवन में भी विविधता आवश्यक है। हमें हर परिस्थिति में सकारात्मकता बनाए रखनी चाहिए।
बी.एड कॉलेज के प्राचार्य संतोष चौधरी ने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी का संबंध विश्वास और मार्गदर्शन पर आधारित होता है। ऐसे उत्सव उस संबंध को और अधिक सशक्त बनाते हैं तथा हमें एक परिवार की तरह जोड़ते हैं। कार्यक्रम के अंत में फूलों की होली खेली गई, अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी गईं तथा मिष्ठान वितरण किया गया। समारोह उल्लासपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


0 Comments