PULSE OF THE NATION

PULSE OF THE NATION
हर ख़बर सच के साथ

50 किलो दूषित मावा किया नष्ट, 7 सैम्पल जांच के लिए बीकानेर भिजवाए

 50 किलो दूषित मावा किया नष्ट,  7 सैम्पल जांच के लिए बीकानेर भिजवाए


- शुद्ध आहार मिलावट पर वार : होली पर्व से पूर्व चिकित्सा विभाग ने निरीक्षण अभियान जारी

मै. ओम विष्णु स्वीट्स से मीठा मावा





हनुमानगढ़। होली पर्व को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में विशेष खाद्य सुरक्षा एवं निरीक्षण अभियान शुरु किया, जो 3 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान, जयपुर की आयुक्त आईएएस डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में आयोजित अभियान का उद्देश्य आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है। शनिवार को भादरा में खाद्य सामग्री की जांच कर सात नमूने संग्रहित कर जांच के लिए बीकानेर भिजवाए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि होली के दौरान मावा, मिठाई, नमकीन, रंग, पेय पदार्थ एवं अन्य खाद्य सामग्री की मांग बढ़ जाती है। इस अवसर पर मिलावट की संभावनाओं को देखते हुए विभागीय टीमों द्वारा नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान मिठाई की दुकानों, डेयरियों, थोक विक्रेताओं, किराना प्रतिष्ठानों एवं अस्थायी स्टॉलों की सघन जांच की जा रही है।

डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत शनिवार को खण्ड भादरा में खाद्य सामग्री की जांच की गई एवं सात सैम्पल संग्रहित किए गए। इनमें मै. ओम विष्णु स्वीट्स से मीठा मावा, मै. श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला, मै. चौधरी स्वीट्स से लड्डू, मै. बीकानेर स्वीट्स से गुलाब जामुन, मै. बालाजी स्वीट्स से मावा मिठाई, मै. शर्मा मिष्ठान भंडार से बेसन चक्की, मै. सूर्य डेयरी एण्ड डेयरी से दही का सैम्पल लिया गया। समस्त संग्रहित सैम्पल को बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में भिजवाया गया। इसके अलावा खण्ड नोहर में मै. भवानी मिष्ठान भंडार की जांच में निरीक्षण दल ने 50 किलो दूषित मावा मौके पर ही नष्ट करवाया। निरीक्षण दल में एफएसओ रफीक मोहम्मद, लैब टैक्नीशियन सुभाष कुमार, गार्ड रणवीर गिरी एवं पायलट गुरशरण सिंह शामिल रहे।

डॉ. शर्मा ने बताया कि आमजन किसी भी प्रकार की मिलावट की शिकायत विभागीय हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं। चिकित्सा विभाग ने स्पष्ट किया है कि  'शुद्ध आहार मिलावट पर वारÓ अभियान के तहत जिले में सतत निगरानी रखी जाएगी, ताकि होली का पर्व सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण में मनाया जा सके। 


Post a Comment

0 Comments