*शुद्ध आहार मिलावट पर वार : चिकित्सा विभाग ने होली पर्व पर संग्रहित किए 32 सैम्पल, जांच के लिए बीकानेर लैब में भिजवाए*
हनुमानगढ़। होली पर्व के मद्देनज़र चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान आयोजित किया गया। 24 फरवरी से शुरू हुआ यह अभियान 3 मार्च तक संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य होली पर्व पर आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण रखना था। अभियान के तहत जिले में खाद्य सामग्री के 32 सैम्पल संग्रहित कर जांच के लिए बीकानेर भिजवाए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान की आयुक्त आईएएस डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में जिले सहित समस्त राज्य में निरीक्षण अभियान शुरु किया गया। होली पर्व पर आयोजित अभियान के तहत दौरान मावा, मिठाई, नमकीन और डेयरी उत्पादों की सघन जांच की गई। अभियान के तहत 32 सैम्पल संग्रहित कर जांच के लिए बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में भिजवाए गए।
डॉ. शर्मा ने बताया सोमवार 2 मार्च को निरीक्षण दल ने हनुमानगढ़ में मै. सांझा चूल्हा रिजोर्ट से दही, डबलीराठान में संचालित मै. जय भैरो मिष्ठान भंडार से कलाकंद, मै. श्री राधे मिष्ठान से रसगुल्ला एवं मै. जुनेजा होटल से दही का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुदेश कुमार, हीरावल्लभ, अशोक कुमार एवं गुरुशरण सिंह शामिल रहे। विभाग ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री में मिलावट की किसी भी आशंका की सूचना विभागीय हेल्पलाइन पर दें।



0 Comments