*जीएसटी सुधारों पर भाजपा का राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान*
*-चौपालों, संवाद कार्यक्रमों और प्रेस वार्ताओं के जरिए जनता तक पहुंचेगा संदेश*
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार के वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए एक बड़ा राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य नई सरलीकृत कर प्रणाली के लाभों के बारे में आम लोगों और व्यापारियों को जानकारी देना और सरकार की नीतियों पर उनका विश्वास मजबूत करना है। इस अभियान के अंतर्गत भाजपा देशभर में चौपालें, व्यापारियों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि समाज का कोई भी वर्ग जानकारी से वंचित न रहे।
बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व केंद्रीय मंत्री निहालचंद मेघवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रामप्रताप, जीएसटी जिला संयोजक मुरलीधर सोनी,पूर्व जिलाध्यक्ष काशीराम गोदारा, पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, मोर्चा महामंत्री अपारजोत सिंह बराड़, जिला महामंत्री चरणदास गर्ग और जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए इस अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री निहालचंद मेघवाल ने बताया कि भाजपा ने जीएसटी सुधारों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। उन्होंने कहा, “हमने राज्यों और जिलों में अपनी इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि वे चौपालों और विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों तथा व्यापारियों को इन सुधारों की जानकारी दें। हर जिले में चौपाल आयोजित कर जनता तक सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।”
जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि भाजपा व्यापारियों और छोटे उद्यमियों को नई सरलीकृत जीएसटी प्रणाली के फायदों से अवगत कराने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने बताया कि ये आयोजन बड़े पैमाने पर होंगे और इसका सीधा लाभ आम व्यापारियों और करदाताओं तक पहुंचेगा। उन्होंने दावा किया कि इस पहल से न केवल जीएसटी प्रणाली को लेकर जागरूकता बढ़ेगी बल्कि कर प्रणाली को लेकर व्याप्त भ्रांतियां भी दूर होंगी।
जीएसटी जिला संयोजक मुरलीधर सोनी ने कहा कि भाजपा इस अभियान को अत्यधिक व्यापक स्तर पर चलाने जा रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी की कोशिश है कि किसी भी वर्ग तक जानकारी पहुँचने से न छूटे। “हमारा लक्ष्य है कि जीएसटी सुधारों की जानकारी गांव-गांव और कस्बे-कस्बे तक पहुंचे। यह पहल न केवल व्यापारियों की समझ को बेहतर करेगी बल्कि आम करदाताओं के बीच सरकार की नीतियों के प्रति विश्वास भी मजबूत करेगी।”
पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रामप्रताप ने कहा कि जीएसटी सुधार व्यापार जगत को सरल, पारदर्शी और एकीकृत कर प्रणाली की ओर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने और कर प्रणाली को सुगम बनाने में इन सुधारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
भाजपा का यह अभियान जनसंपर्क और जनजागरण की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रयास से व्यापारियों और आम करदाताओं के बीच सकारात्मक माहौल बनेगा।
0 Comments