*वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित, वक्फ संशोधन कानून 2025 को बताया ऐतिहासिक कदम*
हनुमानगढ़। वक्फ संपत्तियों में पारदर्शिता, न्याय और जवाबदेही सुनिश्चित करने हेतु केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 के समर्थन में शुक्रवार को हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में वक्फ सुधार जनजागरण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलु ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में जयपुर से पूर्व सांसद रामचरण बोहरा मौजूद रहे। बैठक में पूर्व सांसद निहालचंद मेघवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, पूर्व विधायक धर्मेन्द्र मोची, जिला संयोजक काशीराम गोदारा, जिला महामंत्री विकास गुप्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष अदरीश गौरी एवं बाले खान सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
मुख्य वक्ता रामचरण बोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि वक्फ संपत्तियां मुस्लिम समाज की अमानत हैं, लेकिन वर्षों से इनका दुरुपयोग किया जा रहा था। फर्जी ट्रस्टों, अतिक्रमणों और भ्रष्टाचार के कारण गरीब मुसलमानों के अधिकार कुचले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार द्वारा लाया गया वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 इन सभी समस्याओं का समाधान करेगा। अधिनियम के तहत अब वक्फ घोषित करने से पहले 90 दिन की सार्वजनिक सूचना देना अनिवार्य होगा, सरकारी संपत्तियों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी, और महिलाओं के अधिकारों को भी स्पष्ट रूप से मान्यता दी जाएगी। इसके अलावा, देशभर की वक्फ संपत्तियों का डिजिटल पोर्टल तैयार किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और निगरानी में सुधार होगा।
जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलु ने कहा कि यह विषय अब केवल मुस्लिम समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संविधान में प्रदत्त संपत्ति अधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और न्याय व्यवस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार गैर-मुस्लिमों की पुश्तैनी संपत्तियां भी वक्फ घोषित कर दी जाती थीं, जिससे सामाजिक तनाव उत्पन्न होता था। नया अधिनियम इन विसंगतियों को समाप्त करेगा।
पूर्व सांसद निहालचंद मेघवाल ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे मुस्लिम समुदाय को गुमराह कर रहे हैं, जबकि यह अधिनियम गरीब मुसलमानों के हितों की रक्षा के लिए लाया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि भाजपा कार्यकर्ता मुस्लिम समुदाय के बीच जाकर वक्फ संशोधन अधिनियम की सही जानकारी पहुंचाएंगे और फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करेंगे।
अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष अदरीश गौरी ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि गाजियाबाद जैसे क्षेत्रों में बिना सूचना के दुकानें और जमीनें वक्फ घोषित कर दी गई थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों का पारदर्शी और न्यायसंगत प्रबंधन सुनिश्चित करना है। मंच का संचालन विकास गुप्ता ने किया।
इस मौके पर मीडिया प्रभारी महेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर, बलराज मान,प्रदीप ऐरी,हनिष ग्रोवर,सीता राम बिश्नोई , हरीश सहु भाजपा युवा मोर्चा जिला सहसंयोजक अपरजोत बराड़, प्रशांत सियाग, बरकत अली ढालिया, जुनाब अली, रफी मोहम्मद सुरेंद्र जलंधरा, अब्दुल खलीफ बलबीर सिंह शेखावत भरत गोदारा अशोक शर्मा प्रवीण कटारिया प्रवीण सिंह परमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
0 Comments