पंचायती राज आम चुनाव 2026
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंपी मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन की सूचीजिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित
श्रीगंगानगर, 25 फरवरी। राज्य निर्वाचन आयोग जयपुर के निर्देशानुसार पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इस दौरान अंतिम प्रकाशन के बाद पंचायती राज आम चुनाव 2026 की मतदाता सूची प्रतिनिधियों को सौंपी गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 29 जनवरी 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था, जिसमें श्रीगंगानगर में कुल मतदाताओं की संख्या 11,43,004 थी। 29 जनवरी से लेकर 7 फरवरी तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किये गये। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों की सूचियां मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से साझा की गई। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण कर 25 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। इसके अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 11,45,127 हैं। इनमें पुरूष 5,95,461 और महिला मतदाता 5,49,661 हैं।
इस अवसर पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को समस्त पंचायत समिति क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची 2026 की सॉफ्टकॉपी (फोटोरहित) एवं हार्डकॉपी निःशुल्क संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर बैठक आयोजित कर उपलब्ध करवाई गई। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया गया कि यह सूचियां राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाईट www.sec.rajasthan.gov.in पर भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रतिनिधियों को बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, हटाना व प्रविष्टियों में संशोधन प्रक्रिया सतत रूप से जारी है।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुभाष कुमार, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी श्रीगंगानगर श्याम गौतम, इंडियन नेशनल कांग्रेस से भीमराज डाबी, बहुजन समाज पार्टी से श्भजन सिंह घारू, सुरेश शेखावत, भारतीय जनता पार्टी से प्रदीप शर्मा, आम आदमी पार्टी से शंकर मेघवाल सहित अन्य मौजूद रहे।


0 Comments