*जरूरतमंद बिटिया के विवाह में भटनेर किंग्स क्लब ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी*
*- ढाई लाख रुपए की आर्थिक सहायता व घरेलू सामग्री भेंट कर दिया सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश*
हनुमानगढ़। भटनेर किंग्स क्लब परिवार द्वारा समाज में मानवता, सहयोग और सेवा की मिसाल पेश करते हुए एक जरूरतमंद परिवार की बिटिया के विवाह अवसर पर एक लाख रुपये नगद तथा डेढ़ लाख रुपए की लागत से गृहस्थ जीवन में रोजमर्रा में काम आने वाली आवश्यक सामग्री उपहार स्वरूप भेंट की गई। यह सहयोग न केवल आर्थिक सहायता तक सीमित रहा, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भी सशक्त उदाहरण बना।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने कहा कि “सच कहूं तो किसी की सफलता पर बजाई गई तालियों से कहीं बेहतर होता है, जरूरत के समय किसी के कंधे पर रखा हुआ हाथ। ईश्वर ने यदि हमें सामर्थ्यवान बनाया है, तो यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझें और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का कारण बनें।” उन्होंने भटनेर किंग्स क्लब के इस कार्य की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं।
भटनेर किंग्स क्लब के संस्थापक आशीष विजय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “भटनेर किंग्स क्लब की स्थापना का उद्देश्य ही समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। जब किसी बेटी के विवाह में हम थोड़ा सा भी सहयोग कर पाते हैं, तो यह हमारे लिए सबसे बड़ा सम्मान होता है। यह राशि और सामग्री केवल सहायता नहीं, बल्कि उस परिवार के आत्मसम्मान और खुशहाल भविष्य के प्रति हमारा विश्वास है।” उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में इसी तरह कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में भटनेर किंग्स क्लब के अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने कहा कि “बेटी का विवाह हर परिवार के लिए एक बड़ा दायित्व होता है, विशेषकर जब परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हो। भटनेर किंग्स क्लब परिवार का हर सदस्य यह मानता है कि समाज की खुशहाली में ही हमारी खुशहाली है। आज यदि एक परिवार के चेहरे पर मुस्कान आई है, तो वही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।” उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों का आभार जताया जिन्होंने इस पुनीत कार्य में योगदान दिया।
क्लब सचिव सतविंदर सिंह सत्ती ने कहा कि “भटनेर किंग्स क्लब का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद परिवारों के साथ मजबूती से खड़े रहना है। बेटी का विवाह हर परिवार के लिए एक पवित्र और महत्वपूर्ण अवसर होता है, लेकिन आर्थिक कमजोरी कई बार खुशियों में बाधा बन जाती है। ऐसे में क्लब परिवार का यह प्रयास है कि कोई भी बेटी अभाव में अपने सपनों से समझौता न करे। भविष्य में भी भटनेर किंग्स क्लब इसी भावना के साथ सामाजिक सेवा के कार्य करता रहेगा।”
इस अवसर पर क्लब के सदस्यों के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने भटनेर किंग्स क्लब के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम का समापन शुभकामनाओं और बेटी के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना के साथ किया गया।
इस मौके पर सतनाम सिंह, कपिल गोयल, लकी सिंधी, गजेंद्र दाधीच, इंद्र सिंधी, प्रगट सिंह, खुशनीत सिंह, गुरमंगत सिंह, आशीष बंसल, जसविंदर सिंह, मोहित बंसल, विनोद चोटिया, लेखराज गिरधर, राकेश मल्होत्रा, गणेश गिल्होत्रा, महक गर्ग, राज नंदा, गौरव बेनीवाल, मनप्रीत सिंह, सुनील नंदा, अमनदीप सिंह, करण गर्ग, गोपाल राम, ऋषभ शर्मा, सोनू गजरा, महेंद्र थोरी, कपिल सहारण, बलजिंदर सिंह मौजूद थे।







0 Comments